रांची: राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (होटवार जेल) में शुक्रवार की सुबह जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली, जिसमें जेल के सभी वार्ड, महिला सेल से लेकर अस्पताल तक की गहन तलाशी ली गई।

इस छापेमारी अभियान का संचालन सिटी एसपी पारस राणा और सदर एसडीओ उत्कर्ष गुप्ता ने किया। टीम में पुलिस उपाधीक्षक, कार्यपालक दंडाधिकारी, थाना प्रभारी, एसडीओ खेलगांव समेत 12 सब-इंस्पेक्टर और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद थे।

तलाशी के दौरान जेल के अंदर कुख्यात कैदियों से लेकर सामान्य बंदियों तक के वार्ड खंगाले गए। हालांकि, घंटों चली कार्रवाई में प्रशासन को कोई आपत्तिजनक सामग्री या अवैध वस्तु नहीं मिली।

जिला प्रशासन का कहना है कि जेल के भीतर सब कुछ सामान्य और नियंत्रण में पाया गया है। वहीं जेल परिसर में भी शांति और अनुशासन की स्थिति बरकरार रही। अधिकारियों ने साफ किया कि इस तरह की छापेमारी समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *