टाटीसिल्वे (रांची) से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। प्रसिद्ध टाटीसिल्वे डोल मेला में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक वैगन आर कार ने अचानक भीड़ में घुसकर कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेला परिसर में भारी भीड़ जुटी हुई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में आई कार ने नियंत्रण खो दिया और सीधे लोगों के बीच जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों में एक व्यक्ति मिलन चौक का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा टाटीसिल्वे का रहने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक की पहचान व हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। साथ ही, घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

इस घटना ने एक बार फिर बड़े आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *