रांची। नामकुम प्रखंड के हाहाप पंचायत के मुखिया नन्हे कच्छप पर गुरुवार सुबह अज्ञात अपराधियों ने हमला कर दिया। घटना रामपुर रिंग रोड पर अरविंद टेक्सटाइल के पास की है। मुखिया नन्हे कच्छप मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, जब घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी।
गोलीबारी की घटना सुबह करीब 6:30 बजे चरनाबेड़ा गांव के पास हुई। गंभीर रूप से घायल मुखिया को स्थानीय लोगों ने तुरंत रिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और मेडिका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर नामकुम थाना प्रभारी, ग्रामीण एसपी और डीएसपी मुख्यालय-1 पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश जारी है।
फायरिंग के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस इस घटना के पीछे के कारणों और अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है।