रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण और बिक्री के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने देसी हथियारों का जखीरा, अधबने हथियार और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीताडीह गांव में एक व्यक्ति गैरकानूनी तरीके से हथियार तैयार कर बाजार में बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की योजना बनाई गई।

पुलिस टीम ने संदिग्ध के घर पर दबिश दी और तलाशी के दौरान अलग-अलग जगहों से हथियार बरामद किए। कुछ हथियारों को घर के पीछे बने शौचालय के नीचे छिपाकर रखा गया था ताकि किसी को शक न हो।

कार्रवाई के दौरान कुल 19 देसी अवैध हथियार, 4 अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के कई औजार जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तैयार हथियारों को 10 से 15 हजार रुपये के बीच बेचा जाता था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 60 वर्षीय नारायण लोहरा, निवासी सीताडीह, थाना अनगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर सप्लाई चैन और अन्य संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *