अनगड़ा (रांची): रिंग रोड टोल गेट के पास मंगलवार रात चाय-पकौड़ी की दुकान को अज्ञात लोगों द्वारा आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना में लोकमनी देवी और उनके पति बंधन गोप की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। दुकान के जलने के साथ ही बदमाशों ने दुकान के पीछे की चहारदीवारी को भी ध्वस्त कर दिया।
लोकमनी देवी ने बताया कि इस आगजनी में उनका एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। यह दुकान ही उनके परिवार के जीविका का साधन था। अब वे पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इस घटना का कारण जमीन विवाद हो सकता है। दुकान के पीछे स्थित करोड़ों रुपये के भूखंड को लेकर यह आगजनी की घटना अंजाम दी गई।
समाजसेवियों ने उठाई आवाज, पुलिस जांच में जुटी
समाजसेवी मुस्तफा अंसारी का कहना है कि रिंग रोड के आसपास के क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है। इसके चलते आपराधिक घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी का बयान
अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल साह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला भूमि विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। दुकान जलाने और चहारदीवारी ध्वस्त करने के पीछे बदमाशों की मंशा ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से ही इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।