रांची, अनगड़ा: हेसल निवासी 32 वर्षीय रिजवान अंसारी का शव शुक्रवार सुबह हेसल तालाब में तैरता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अनगड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिजवान 8 अप्रैल की शाम से लापता था, जिसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान हेसल तालाब के पास रिजवान की बाइक बरामद हुई थी।
गौरतलब है कि 6 अप्रैल को हेसल गांव के एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाते हुए रिजवान के खिलाफ अनगड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गुमशुदगी की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने समय पर कोई कार्रवाई नहीं की।
इस मामले में अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल साह का कहना है कि मृतक का मोबाइल लोकेशन लगातार हेसल क्षेत्र में ही दिखा रहा था और पुलिस लगातार खोजबीन कर रही थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
(ज़्यादा जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ)