रांची, 20 अक्टूबर: राजधानी रांची के कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट हत्याकांड के मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह को पुलिस ने रविवार देर रात कांके इलाके से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभिषेक के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेस्टोरेंट कारोबारी विजय नाग की हत्या का आरोपी अभिषेक अपनी गर्भवती पत्नी से मिलने घर आने वाला है। इसी सूचना के आधार पर एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कांके इलाके में तीन जगह चेकिंग अभियान चलाया गया।

पहली चेकिंग से बचकर निकलने के बाद, दूसरी जगह पुलिस को देखकर अभिषेक ने फायरिंग शुरू कर दी। तीसरे चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो वह कार छोड़कर भागने लगा और लगातार गोली चलाने लगा। जवाबी फायरिंग में अभिषेक के दोनों पैरों में गोली लगी और पुलिस ने उसे काबू में कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में खुलासा हुआ है कि हत्या में इस्तेमाल अवैध हथियार अभिषेक को हरेंद्र नामक एक पूर्व पुलिसकर्मी ने दिया था। हरेंद्र पुलिस सेवा से वीआरएस ले चुका है और अपने ड्राइवर के साथ अभिषेक के साथ जमीन कारोबार में जुड़ा था। पुलिस ने पिठौरिया इलाके से दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी राकेश रंजन ने बताया, “पुलिस पर फायरिंग करने के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ। उसकी हालत स्थिर है और जैसे ही वह ठीक होगा, उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।”

यह रांची पुलिस की हाल के महीनों में चौथी बड़ी मुठभेड़ है। इससे पहले मैक्लुस्कीगंज, रातू और तुपुदाना में भी पुलिस को बड़ी सफलताएं मिल चुकी हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से रांची में अपराधियों में खौफ का माहौल है।

गौरतलब है कि शनिवार रात चौपाटी रेस्टोरेंट में वेज बिरयानी की जगह चिकन बिरयानी पैक कर देने के विवाद में तीन युवकों ने संचालक विजय नाग की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह फरार था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *