रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित हेसल टोल प्लाजा पर सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे उस समय अफरातफरी मच गई जब कार से आए कुछ अज्ञात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। टोल भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार एनएच-33 पर रामपुर की ओर से आ रही एक एसयूवी टोल दिए बिना निकलने की कोशिश कर रही थी। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने जब वाहन को रोका तो उसमें सवार लोग भड़क उठे और गाली-गलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान एक महिला और एक पुरुष वाहन से उतरे और बूथ नंबर 13 पर तैनात कर्मचारी को बाहर बुलाकर उसके साथ हाथापाई की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झड़प के बीच आरोपी ने पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग कर दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि गोली से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। शोर सुनकर अन्य कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे तो हमलावर हथियार लहराते हुए वहां से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया गया है। टोल कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि हमलावर जाते-जाते एक मोबाइल फोन और करीब 13 हजार रुपये भी लेकर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *