रांची: राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा थाना क्षेत्र स्थित चुट्टू गांव में सोमवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हिंसक झड़प हो गई। धान की रोपाई के दौरान शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज रिम्स और सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर नियंत्रण किया। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक पक्ष के अनुसार, उन्होंने चुट्टू मौजा में 36.8 डिसमिल जमीन विधिवत खरीदी थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने उनसे कथित तौर पर रंगदारी की मांग की और इनकार करने पर बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ जमीन पर जबरन धान की रोपाई शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। शिकायत में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा नकदी और आभूषण ले जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि वे अपनी लगभग 85 डिसमिल पैतृक जमीन पर खेती का कार्य कर रहे थे। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचकर रोपाई रोकने लगे और विरोध करने पर हमला कर दिया। इस दौरान एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया। इस पक्ष ने भी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार तथा आभूषण छीनने के आरोप लगाए हैं।
सूचना मिलते ही मेसरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायत के आधार पर 20 से अधिक नामजद और लगभग 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
(नोट: समाचार दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस में दर्ज शिकायतों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।)