रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड में गुरुवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दो अलग-अलग जगहों पर हुई इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग झुलसकर घायल हो गए।

पहली घटना जरगा महुआढीपा इलाके की है, जहां बारिश के दौरान घर के अहाते में खड़े संजय मुंडा (32) पर बिजली गिर गई। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वहीं मौजूद लीला देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

दूसरी घटना जोन्हा स्कूल मोड़ के पास हुई, जहां ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण कार्य में लगे मजदूर अचानक बारिश से बचने के लिए टेंट में चले गए। इसी दौरान बिजली गिरने से कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में सिरपा नयाटोली निवासी सुनील मुंडा (32) की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों में बिजला मुंडा, संतु दास, राजा नाग, साहिल अंसारी और नज़बुल अंसारी शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस और कंपनी के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। संबंधित कंपनी की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है।

पुलिस के अनुसार, सुनील मुंडा के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह अकेले रहते थे।

लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *